नंदी हिल्स, बंगलुरू

December 30, 2007

बंगलुरू से निकटतम दूरी (५५ कि.मी.) पर स्थित पहाड़ी है नंदी हिल्स| समुद्रतल से लगभग १४५० मीटर की ऊंचाई पर स्थित यह पर्यटन स्थल सप्ताहांत सैर के लिए एकदम उपयुक्त है| बंगलुरू से हैदराबाद राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या ७ (NH-7) पर लगभग ४० किलोमीटर चलने के बाद यहाँ के लिए रास्ता अलग होता है| सड़कों की हालत ठीक ही है अतः आराम से ७० -८० कि.मी. प्रति घंटा की गति से वाहन चालन किया जा सकता है| वैसे तो यहाँ जाने के लिए सरकारी बसें भी उपलब्ध हैं परन्तु व्यक्तिगत वाहन से यात्रा का अधिक आनंद उठाया जा सकता है| चार-पाँच लोगों का साथ हो तो सोने पे सुहागा| इस बार बड़े दिन की छुट्टी हमने मित्रों (दीपक, विवेक और मणि) के साथ नंदी हिल्स पर ही व्यतीत की| नंदी हिल्स के बारे में ध्यान रखने योग्य बात यह है कि यह अपेक्षाकृत कम विकसित पर्यटन स्थल है इसलिए ऊपर खाने पीने के लिए कम विकल्प हैं| कम विकसित होने का फ़ायदा यह है कि अक्सर भीड़ नहीं होती और आप आराम से वादियों का आनंद ले सकते हैं| यह टीपू सुल्तान का ग्रीष्मावकाश निवास स्थल था और इस वजह से आस पास कुछ पुरानी इमारतें तथा वाटिकाएं हैं| इसे मैं बंगलुरू के पास के अवश्य रूप से देखे जाने वाले पर्यटन स्थानों की सूचि में तो नहीं रखूंगा परन्तु मित्रों के साथ एक दिन बिताने के लिए ये बुरा नहीं है|

निम्नांकित लिंक पर जाकर आप नंदी हिल्स का पूर्वदर्शन कर सकते हैं। समयाभाव के कारण अभी तक सभी छायाचित्र अपलोड नहीं किये गये हैं, कृपया कुछ समय पश्चात पुन: देखें ।

सभी पाठकों को नव वर्ष की हार्दिक शुभकामनायें

धन्यवाद…

नंदी हिल्स, बंगलूरु