मैं ने समझा था कि तू है तो दरख़्शाँ है हयात
तेरा ग़म है तो ग़म-ए-दहर का झगड़ा क्या है
तेरी सूरत से है आलम में बहारों को सबात
तेरी आँखों के सिवा दुनिया में रक्खा क्या है (2)
तू जो मिल जाये तो तक़दीर निगूँ हो जाये
यूँ न था मैं ने फ़क़त चाहा था यूँ हो जाये
और भी दुःख हैं ज़माने में मोहब्बत के सिवा
राहतें और भी हैं वस्ल की राहत के सिवा
(दरख़्शाँ == रोशन, हयात == ज़िन्दगी, ग़म-ए-दहर == दुनिया भर के ग़म, आलम == दुनिया, सबात == स्थिरता, निगूँ == झुकना, फ़क़त == सिर्फ, वस्ल == मुलाकात)
मुझ से पहली सी मोहब्बत मेरे महबूब न माँग
अनगिनत सदियों के तारीक बहीमाना तलिस्म
रेशम-ओ-अतलस-ओ-कमख़्वाब में बुनवाये हुये
जा-ब-जा बिकते हुये कूचा-ओ-बाज़ार में जिस्म
ख़ाक में लिथड़े हुये ख़ून में नहलाये हुये
जिस्म निकले हुये अमराज़ के तन्नूरों से
पीप बहती हुई गलते हुये नासूरों से
लौट जाती है उधर को भी नज़र क्या कीजे
अब भी दिलकश है तेरा हुस्न मगर क्या कीजे
और भी दुःख हैं ज़माने में मोहब्बत के सिवा
राहतें और भी हैं वस्ल की राहत के सिवा
(तारीक == अंधेरा, बहीमाना == डरावना, तलिस्म == जादू, अतलस == साटन का कपड़ा, कमख़्वाब == जरीदार वस्त्र, जा-ब-जा == जगह-जगह, अमराज़ == घाव, तन्नूर == भट्ठी)
स्पिक मैके के कानपुर अध्याय के द्वारा आई.आई.टी कानपुर में आयोजित एक नृत्य संध्या में आज सुप्रसिद्ध कथक नृत्यांगना पद्मश्री श्रीमती शोवना नारायण का नृत्य देखने का अवसर मिला। आपने नृत्य शिक्षा पंडित बिरजू महाराज से ली और आज एक स्थापित कथक गुरु के रूप में जानी जाती हैं। लगभग डेढ़ घंटे तक चले कार्यक्रम में उन्होंने अपने सुनियोजित और विलक्षण नृत्य से समां बाँध दिया। कथक एक ऐसा नृत्य है जिसमें अभिनय और चेहरे के भावों के माध्यम से कथा वाचन किया जाता है। कथक के बारे में कुछ मूलभूत जानकारी के अलावा कथक के कुछ नमूने प्रस्तुत किये गये जिनमे से द्रोपदी चीर हरण, ओहम और यशोधरा (सखी वे मुझ से कह कर जाते…) उल्लेखनीय हैं।
ऐ इश्क़ न छेड़ आ आ के हमें, हम भूले हुओं को याद न कर
पहले ही बहुत नाशाद हैं हम, तू और हमें नाशाद न कर
क़िस्मत का सितम ही कम नहीं कुछ, ये ताज़ा सितम इजाद न कर
यूँ ज़ुल्म न कर बेदाद न कर, ऐ इश्क़ हमें बरबाद न कर
(नाशाद == उदास, बेदाद == अन्याय)
जिस दिन से मिले हैं दोनों का, सब चैन गया आराम गया
चेहरों से बहार-ए-सुबह गई, आँखों से फ़रोग़-ए-शाम गया
हाथों से ख़ुशी का जाम छूटा, होंठों से हँसी का नाम गया
ग़म्ग़ीं न बना नाशाद न कर, ऐ इश्क़ हमें बरबाद न कर
(फ़रोग ==चिराग़, ग़म्ग़ीं == दुःख में डूबा)
रातों को उठ उठ कर रोते हैं, रो रो के दुआएँ करते हैं
आँखों में तसव्वुर दिल में ख़लिश, सर धुनते हैं आहें भरते हैं
ऐ इश्क़ ये कैसा रोग लगा, जीते हैं न ज़ालिम मरते हैं
ये ज़ुल्म तो ऐ जल्लाद न कर, ऐ इश्क़ हमें बरबाद न कर
(तसव्वुर == उम्मीद, ख़लिश == दर्द, बेचैनी)
जिस दिन से बँधा है ध्यान तेरा, घबराये हुये से रहते हैं
हर वक़्त तसव्वुर कर कर के, शर्माये हुये से रहते हैं
कुम्हलाये हुये फूलों की तरह, कुम्हलाये हुये से रहते हैं
पामाल न कर बेदाद न कर, ऐ इश्क़ हमें बरबाद न कर
(पामाल == पैरों तले कुचलना)
ये रोग लगा है जबसे हमें, रंजीदा हूँ मैं बीमार है वो
हर वक़्त तपिश हर वक़्त ख़लिश, बेख़्वाब हूँ मैं बेदार है वो
जीने से इधर बेज़ार हूँ मैं मरने पे उधर तय्यार है वो
और ज़ब्त कहे फ़रियाद न कर, ऐ इश्क़ हमें बरबाद न कर
(रंजीदा == असंतुष्ट, बेदार == चौकन्ना, बेज़ार == अप्रसन्न, ज़ब्त == अधिग्रहण)
बेदर्द ज़रा इन्साफ़ तो कर, इस उम्र में और मग़मूम है वो
फूलों की तरह नाज़ुक है अभी, तारों की तरह मासूम है वो
ये हुस्न सितम ये रंज ग़ज़ब, मजबूर हूँ मैं मज़लूम है वो
मज़लूम पे यूँ बेदाद न कर, ऐ इश्क़ हमें बरबाद न कर
(मग़मूम == दुःखी, रंज == दुःख, मज़लूम == दुःखियारा)
ऐ इश्क़ ख़ुदारा देख कहीं, वो शोख़ हसीं बदनाम न हों
वो माह-ए-लक़ा बदनाम न हो, वो ज़ोहरा-जबीं बदनाम न हो
नामूस का उस को पास रहे, वो पर्दा-नशीं बदनाम न हो
उस पर्दा-नशीं को याद न कर, ऐ इश्क़ हमें बरबाद न कर
(शोख़ == आकर्षक, नामूस == इज्जत, पर्दा-नशीं == पर्दे में रहने वाली)
उम्मीद की झूठी जन्नत के, रह रह के न दिखला ख़्वाब हमें
आईंदा के फ़र्ज़ी इशरत के, वादे से न कर बेताब हमें
कहता है ज़माना जिस को ख़ुशी, आती है नज़र कामयाब हमें
छोड़ ऐसी ख़ुशी को याद न कर, ऐ इश्क़ हमें बरबाद न कर
(इशरत == खुशी)
दो दिन में ही अहद-ए-तिफ़ली के, मासूम ज़माने भूल गये
आँखों से वो ख़ुशियाँ मिट सी गयीं, लब के वो तराने भूल गये
उन पाक बहिश्ती ख़्वाबों के, दिलचस्प फ़साने भूल गये
उन ख़्वाबों से यूँ आज़ाद न कर, ऐ इश्क़ हमें बरबाद न कर
(तिफ़ली == यौवन, बहिश्त == जन्नत)
आँखों को ये क्या आज़ार हुआ, हर जज़्ब-ए-निहाँ पर रो देना
आहंग-ए-तरब पे झुक जाना, आवाज़-ए-फ़ुग़ाँ पर रो देना
बरबत की सदा पर रो देना, मुतरिब के बयाँ पर रो देना
एहसास को ग़म बुनियाद न कर, ऐ इश्क़ हमें बरबाद न कर
(आज़ार == परेशानी, निहाँ ==छुपा हुआ, आहंग == लय, तरब == आनन्द,
फ़ुग़ाँ == कराह, बरबत == बीन, मुतरिब == गायक/गायिका)
जी चाहता है इक दूसरे को, यूँ आठ पहर हम करें
आँखों में बसायें ख़्वाबों को, और दिल को ख़याल आबाद करें
ख़िल्वत में भी जो जल्वत का सामाँ, वहदत को दुई से शाद करें
ये आरज़ूएं इजाद न कर, ऐ इश्क़ हमें बरबाद न कर
(ख़िल्वत == एकान्त, वहदत == बेजोड़, शाद == मग्न)
वो राज है ये ग़म आह जिसे, पा जाये कोई तो ख़ैर नहीं
आँखों से जब आँसू बहते हैं, आ जाये कोई तो ख़ैर नहीं
ज़ालिम है ये दुनिया दिल को यहाँ, भा जाये कोई तो ख़ैर नहीं
है ज़ुल्म मगर फ़रियाद न कर, ऐ इश्क़ हमें बरबाद न कर
दुनिया का तमाशा देख लिया, ग़म्ग़ीं सी है बेताब सी है
उम्मीद यहाँ इक वहम सी है, तस्कीन यहाँ इक ख़्वाब सी है
दुनिया में ख़ुशी का नाम नहीं, दुनिया में ख़ुशी नायाब सी है
दुनिया में ख़ुशी को याद न कर, ऐ इश्क़ हमें बरबाद न कर
(तस्कीन == सुख)